देवी अहिल्या बाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के गैर-प्रचालन क्षेत्र में बुधवार शाम सूखी घास और झाड़ियों में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के इलाकों में कई किलोमीटर तक धुआं और लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एयरपोर्ट थाना पुलिस और हवाई अड्डा प्रशासन की टीम ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। एयरपोर्ट कर्मचारियों ने भी पानी डालकर आग पर नियंत्रण करने के प्रयास किए। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर रूपचंद पंडित ने बताया कि आग गैर-प्रचालन क्षेत्र की सूखी घास में लगी थी। आग बुझाने के लिए तुरंत कार्रवाई की गई और किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति की क्षति नहीं हुई।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यह घटना हवाई अड्डे के गैर-परिचालन क्षेत्र में हुई, जिससे उड़ान सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा। जिलाधिकारी इंदौर के सहयोग से भी आवश्यक मदद उपलब्ध कराई गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि एयरपोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सूखी झाड़ियां और घास बड़ी मात्रा में मौजूद हैं। गर्म मौसम और सूखे के कारण ऐसी आग लगने की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ गई हैं। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में ऐसी ही आग लगने की घटना सामने आई थी।