देश में राज्यसभा की 37 सीटों के लिए नामांकन आज (गुरुवार) अंतिम दिन है। कांग्रेस पार्टी ने इनमें से कई राज्यों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु की सीटों पर अपने प्रत्याशी तय किए हैं।
कांग्रेस ने तेलंगाना की दो सीटों के लिए वरिष्ठ नेता एवं सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी को दोबारा उम्मीदवार बनाया है। सिंघवी को गांधी परिवार का करीबी माना जाता है। इसके अलावा तेलंगाना से ही वेम नरेंद्र रेड्डी को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया है। रेड्डी तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के विश्वसनीय सहयोगी हैं और राज्य कांग्रेस के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
छत्तीसगढ़ से पार्टी ने आदिवासी नेता एवं मौजूदा राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम को फिर से मैदान में उतारा है।
हरियाणा में कांग्रेस ने दलित समुदाय से जुड़े कर्मवीर सिंह बौद्ध को टिकट दिया है। इससे पहले प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष उदयभान और अशोक तंवर के नाम चर्चा में थे, लेकिन अंत में बौद्ध के नाम पर मुहर लगी। इसे पार्टी द्वारा हरियाणा में नए दलित चेहरे को आगे लाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस ने अनुराग शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है। अनुराग शर्मा का नाम पहले किसी भी चर्चा में नहीं था, जिससे यह फैसला चौंकाने वाला माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहले संकेत दिए थे कि इस बार बाहरी प्रत्याशी नहीं उतारा जाएगा, बल्कि प्रदेश के स्थानीय कार्यकर्ता को ही मौका मिलेगा। अनुराग कांगड़ा जिले के कांग्रेस जिलाध्यक्ष हैं।
तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को पार्टी का प्रत्याशी बनाया गया है।