इंदौर: सांवेर रोड के नरवल में प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग

इंदौर के सांवेर रोड पर नरवल इलाके में रविवार सुबह एक प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, सुबह लगभग 11 बजे आग की सूचना प्राप्त हुई। गोदाम में रखे प्लास्टिक स्क्रैप के जलने से घना काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे आसपास के निवासियों को काफी परेशानी हुई।

आग के लपटों से पास में बने मजदूरों के क्वार्टर तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। सावधानी के तौर पर मजदूरों ने अपने घरों से सामान बाहर निकाल लिया। दमकल टीम ने क्वार्टर की दिशा में भी पानी का छिड़काव कर आग को आगे बढ़ने से रोका।

बीजेपी नेता मासूम जयसवाल ने बताया कि सुबह साढ़े दस बजे के आसपास आग लगने की जानकारी मिली थी। फायर ब्रिगेड की टीम समय पर पहुंचकर आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया। एक स्थानीय निवासी शंकर परमार के घर तक धुआं पहुंच गया था, जिस कारण परिवार ने सामान बाहर निकाला। घर में धुआं भरने से दो-तीन महिलाओं को सांस लेने में तकलीफ हुई, हालांकि बाद में उनकी हालत सामान्य हो गई।

फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर शिवनारायण शर्मा ने जानकारी दी कि नरवल क्षेत्र में मोहम्मद इरफान के नाम से चलने वाले गोदाम में यह आग लगी। गोदाम में कुछ कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गोदाम उस समय बंद था और आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए अब तक करीब 10 टैंकर पानी का इस्तेमाल किया जा चुका है।