बांग्लादेश में बस नदी में गिरी, 23 की मौत, कई लापता

बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में बुधवार शाम एक भीषण हादसा सामने आया, जब यात्रियों से भरी एक बस दाउलतदिया घाट पर फेरी में चढ़ते समय पद्मा नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, बस के अंदर से 23 शव बरामद किए गए, जिनमें 11 महिलाएं, 7 पुरुष और 5 बच्चे शामिल हैं। हादसे के बाद 8 लोगों को जिंदा निकाला गया था, लेकिन इनमें से 2 महिलाओं की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बस में कुल लगभग 40 यात्री सवार थे।

रेस्क्यू ऑपरेशन में फायर सर्विस की चार टीमें और 10 गोताखोर शामिल रहे। इनके साथ सेना, पुलिस, कोस्टगार्ड, बांग्लादेश इनलैंड वॉटर ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। मृतकों में से 22 शव फायर सर्विस ने निकाले, जबकि एक शव नौसेना के गोताखोरों ने बरामद किया। दो लोगों को स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला था, लेकिन उनकी भी बाद में मौत हो गई।

करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ‘हमजा’ नामक जहाज की मदद से आधी रात को बस को नदी से बाहर निकाला गया। बचाव दल अब भी लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस ढाका की ओर जा रही थी और उसमें सवार कई यात्री ईद की छुट्टियां खत्म होने के बाद राजधानी लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस में कई एक ही परिवार के सदस्य भी सवार थे। कुछ लोग जो बस के बाहर खड़े थे, वे सुरक्षित बच गए, जबकि उनके परिजन अंदर फंस गए।

हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसकी अगुवाई अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट करेंगे। समिति को तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।