भोपाल करोंद मंडी 10 में 8 दिन बंद, किसानों की बढ़ेगी परेशानी

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित करोंद अनाज मंडी आगामी दिनों में लंबे समय तक बंद रहने वाली है। 27 मार्च से 5 अप्रैल के बीच कुल 10 दिनों में से मंडी केवल 2 दिन ही खुलेगी, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है।

भोपाल ग्रेन मर्चेंट एंड ऑयल सीड्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजीव जैन के अनुसार, 27 मार्च से मंडी बंद रहेगी। इस दिन राम नवमी का अवकाश है। इसके बाद 28 मार्च को बैंक अवकाश, 29 मार्च को रविवार और 30 मार्च को महावीर जयंती के चलते लगातार चार दिन मंडी बंद रहेगी।

चार दिन के अंतराल के बाद 31 मार्च को मंडी खुलेगी और इस दिन व्यापारिक गतिविधियां संचालित होंगी। हालांकि, इसके अगले ही दिन 1 अप्रैल को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के कारण मंडी फिर बंद कर दी जाएगी। इसके बाद 2 अप्रैल को हनुमान जयंती, 3 अप्रैल को बैंक अवकाश और 5 अप्रैल को रविवार होने से मंडी में कारोबार प्रभावित रहेगा। इस अवधि में 4 अप्रैल को शनिवार के दिन ही मंडी दोबारा खुलेगी।

इस तरह 10 दिनों की अवधि में मंडी केवल 31 मार्च और 4 अप्रैल को ही संचालित होगी, जबकि बाकी 8 दिन बंद रहेगी।

मंडी में फिलहाल गेहूं की आवक भी सीमित बनी हुई है। वर्तमान में करीब 5 हजार बोरी गेहूं ही पहुंच रहा है। इसका मुख्य कारण यह है कि किसानों को अभी 2200 से 2300 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है, जो अपेक्षाकृत कम माना जा रहा है। वहीं, अप्रैल महीने में सरकारी खरीद शुरू होने की संभावना को देखते हुए किसान अपनी उपज रोककर रख रहे हैं।