कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार रात करीब 10:22 बजे उन्हें पेट संबंधी समस्या और यूरिनरी इंफेक्शन की शिकायत के चलते अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और कोई गंभीर चिंता वाली बात नहीं है। परिवार के सदस्य लगातार उनके साथ हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अपनी मां की देखभाल के लिए अस्पताल में रुके रहे। उन्होंने बुधवार को केरल में एक चुनावी रैली के लिए वीडियो संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने रात भर के अपने अनुभव को भावुक तरीके से बताया। राहुल ने कहा, “कल रात मैं अस्पताल में मां के कमरे में एक छोटे से सोफे पर सो रहा था। किसी भी बेटे की तरह मैं उनकी सेहत को लेकर बेहद चिंतित था।”
राहुल गांधी ने आगे बताया कि पूरी रात उन्हें एक केरल की नर्स से सांत्वना मिली। “हर घंटे वह कमरे में आतीं, मां की जांच करतीं, मुस्कुरातीं और उनका हाथ थाम लेतीं। मैं सोच रहा था कि केरल की कितनी नर्सें देश और दुनिया भर में लोगों को ऐसे ही सहारा देती हैं। सुबह मैंने उनसे पूछा कि क्या आप रात में सोती भी हैं? उन्होंने जवाब दिया- नहीं, मैं पूरी रात काम करती हूं।” राहुल ने इस सेवा भाव को ‘केरल की भावना’ करार दिया और कहा कि जब पूरा देश सो रहा होता है, तब केरल की महिलाएं लोगों का हाथ थामकर उन्हें आराम पहुंचाती हैं।
क्या है पूरा मामला?
सोनिया गांधी को हाल में सांस लेने में तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों ही मां के पास पहुंचे थे। राहुल ने केरल का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया और अस्पताल में ही रुकना पसंद किया। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने कहा कि सोनिया गांधी की स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।