भोपाल: ‘बेटा’ कहकर समझाने पर युवक की चाकू मारकर हत्या

अशोका गार्डन इलाके में रविवार देर रात एक मामूली विवाद हिंसक रूप लेते हुए हत्या में बदल गया। ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करने पर एक 35 वर्षीय युवक को चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।

मृतक की पहचान विजय मेवाड़ा के रूप में हुई है, जो सुभाष कॉलोनी का निवासी था और चाय की एक छोटी होटल चलाता था। पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब 1:30 बजे विजय अपने होटल बंद करके कर्मचारियों को छोड़ने प्रगति नगर पहुंचा था।

वहां मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ बैठा हुआ था। ये सभी मृतक के कर्मचारियों के पुराने परिचित बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सुबह जल्दी काम होने का हवाला देकर मना कर दिया।

इस पर आरोपियों ने कर्मचारियों से बदतमीजी शुरू कर दी। जब विजय मेवाड़ा ने इसका विरोध किया और आसिफ को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की, तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में आए आसिफ ने चाकू निकालकर विजय के पेट में वार कर दिया। उसके साथियों ने भी युवक पर हमला बोल दिया।

घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अभी फरार है। उसकी तलाश जारी है।

सोमवार सुबह मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम हटा लिया गया। इस दौरान परिजनों का पुलिस के साथ तीखा विवाद भी हुआ।

इसी बीच हमीदिया अस्पताल की मोर्चरी के बाहर भी मृतक के परिजनों ने हंगामा किया, जिसके चलते वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामला शुरू में छोटे विवाद से शुरू हुआ था, जो बाद में हत्या तक पहुंच गया। पुलिस आगे की जांच कर रही है।