विशाखापत्तनम: नौसेना कर्मी ने प्रेमिका की हत्या कर शव के 3 टुकड़े किए

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक शादीशुदा नौसेना कर्मचारी ने अपनी प्रेमिका की क्रूर हत्या कर दी। आरोपी ने शव को तीन टुकड़ों में काटकर अलग-अलग जगहों पर छिपाने की कोशिश की। एक हिस्सा फ्रिज में रखा, दूसरे को बोरे में भरकर बेड के नीचे छुपाया और सिर को सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान चिंतादा रविंद्र (35 वर्ष) के रूप में की है, जो भारतीय नौसेना के INS डेगा में तैनात है। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है, जब रविंद्र ने 29 वर्षीय मोनिका को अपने घर बुलाया था। दोनों के बीच शाम को झगड़ा हो गया, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, दोनों करीब पांच साल से रिश्ते में थे। उनकी मुलाकात वर्ष 2021 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों विशाखापत्तनम के विभिन्न स्थानों पर मिलते रहते थे। रविंद्र का दावा है कि मोनिका ने उससे 3.5 लाख रुपये उधार लिए थे और अक्सर रिश्ते को सार्वजनिक करने की धमकी देती थी।

घटना के समय रविंद्र की पत्नी अपने मायके विजयनगरम गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने मोनिका को घर बुलाया था। पुलिस जांच में पता चला कि हत्या से पहले रविंद्र ने चाकू खरीदने की कोशिश की थी। जब लोकल दुकान में चाकू नहीं मिला तो उसने इसे ऑनलाइन मंगवाया।

आरोपी ने खुद किया आत्मसमर्पण

हत्या के तुरंत बाद रविंद्र खुद पुलिस थाने पहुंचा और अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस टीम जब घर पहुंची तो फ्रिज और बेड के नीचे से शव के दो टुकड़े बरामद कर लिए गए। सिर के टुकड़े को आरोपी ने अलग जगह जला दिया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और शव के बाकी हिस्सों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।