सीजफायर के बाद सोने-चांदी की कीमतों में तेजी, सोना 1,53,499 रुपये पर

यूनाइटेड स्टेट्स और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सुरक्षित निवेश के विकल्प माने जाने वाले सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। घरेलू वायदा बाजार में भी इन दोनों कीमती धातुओं में जोरदार तेजी देखने को मिली।

बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का जून वायदा अनुबंध 3,261 रुपये की बढ़त के साथ 1,53,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। कारोबार के दौरान यह 3,210 रुपये की मजबूती के साथ लगभग 1,53,499 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान सोने ने 1,53,944 रुपये का उच्चतम स्तर और 1,53,389 रुपये का निम्नतम स्तर छुआ।

चांदी की कीमतों में भी जबरदस्त तेजी नजर आई। MCX पर मई वायदा अनुबंध 9,253 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,40,601 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला और बाद में 11,554 रुपये की उछाल के साथ 2,42,902 रुपये तक पहुंच गया। दिन के कारोबार में चांदी ने 2,44,770 रुपये का उच्च स्तर तथा 2,42,601 रुपये का निचला स्तर देखा।

इस साल अब तक सोना 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक जा चुका है, जबकि चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम के शिखर पर पहुंच चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। कॉमेक्स पर सोना 4,747.20 डॉलर प्रति औंस पर खुलकर 150 डॉलर से अधिक की तेजी के साथ 4,835.30 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं चांदी 73.45 डॉलर से बढ़कर 76.64 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई।