मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलट जाने से चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
हादसा विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव के पास हुआ। ट्रैक्टर पर सवार लोग बीरपुर थाना क्षेत्र के घूंघस गांव से विजयपुर थाना क्षेत्र के झारबडौदा गांव में एक भात मांगने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। ट्रॉली में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे सवार थे।
मृतकों की पहचान सरोज गुर्जर, सुनैना गुर्जर, सीमा गुर्जर और गीता राव के रूप में हुई है। घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोगों ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन का इंतजार किए बिना उन्होंने हाथों से पलटी हुई ट्रॉली को सीधा किया और ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं।
पूर्व वनमंत्री रामनिवास रावत, एसडीएम अभिषेक मिश्रा और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पांच घायलों की हालत गंभीर है, जिनमें से चार को ग्वालियर भेजा गया है, जबकि एक का इलाज विजयपुर सिविल अस्पताल में चल रहा है।