पिछले वर्ष जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
22 अप्रैल 2025 को हुए इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक शामिल थे। इस घटना ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया था। बरसी के मौके पर प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश इन निर्दोष लोगों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भारत एकजुट होकर इस दुख की घड़ी का सामना कर रहा है और आतंकवाद के खिलाफ उसका संकल्प अडिग है। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि देश किसी भी प्रकार के आतंक के सामने नहीं झुकेगा और आतंकियों के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
इस हमले के बाद भारत ने 7 मई 2025 को जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था, जहां कई ठिकानों को ध्वस्त किया गया।
बरसी से एक दिन पहले भारतीय सेना ने भी आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। सेना ने सोशल मीडिया पर एक प्रतीकात्मक पोस्टर साझा करते हुए संदेश दिया कि जब मानवता की सीमाएं लांघी जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। पोस्टर में भारत के नक्शे के साथ “भारत भूलता नहीं है” जैसी सशक्त टैगलाइन भी दी गई।