हुगली में नाव पर PM मोदी: कैमरे से कैद किया हावड़ा ब्रिज का नजारा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह कोलकाता में पवित्र हुगली नदी पर नौका विहार कर प्रकृति का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने नदी के मनोरम दृश्यों और शहर की ऐतिहासिक इमारतों को अपने कैमरे में कैद किया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस अनुभव की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि हुगली नदी पर नाव की सवारी के दौरान उन्होंने फोटोग्राफी का भी आनंद लिया। उन्होंने विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज जैसी प्रसिद्ध संरचनाओं को बेहद करीब से फोटो खींचा।

अपने पोस्ट में पीएम मोदी ने बंगाल की संस्कृति में गंगा (हुगली) नदी की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर बंगाली के हृदय में गंगा के लिए एक खास जगह है। भावुक होते हुए उन्होंने लिखा, “यह कहना गलत नहीं होगा कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है और इसका पवित्र जल एक पूरी सभ्यता को साथ लेकर बहता है।”

तस्वीरों में हुगली नदी का शांत वातावरण और कोलकाता की ऐतिहासिक वास्तुकला का सुंदर मेल दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री ने नदी के संरक्षण और उसके सांस्कृतिक महत्व को भी रेखांकित किया।