व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान एक बड़ा सुरक्षा उल्लंघन हुआ है। कार्यक्रम स्थल पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने फायरिंग की कोशिश की, जिसे सुरक्षा बलों ने तुरंत काबू में ले लिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी कैलिफोर्निया का निवासी है और उसके पास कई हथियार बरामद हुए हैं। ट्रंप ने आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलेन के रूप में बताई, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस शहर का रहने वाला है।
राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आरोपी की तस्वीरें और एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें वह सुरक्षा चेकपॉइंट को पार करने की कोशिश करते दिख रहा है। सुरक्षा कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
घटना के समय राष्ट्रपति ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप कार्यक्रम में मौजूद थे। सुरक्षा को देखते हुए उन्हें और अन्य प्रमुख अधिकारियों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। रूप से इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
सुरक्षा कारणों से व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर को बीच में ही स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम को अब अगले 30 दिनों के अंदर दोबारा आयोजित करने की योजना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रपति ट्रंप ने आरोपी को ‘लोन वुल्फ’ और मानसिक रूप से अस्थिर बताया। उन्होंने कहा कि यह हमला अप्रत्याशित था, लेकिन वे ऐसी घटनाओं से डरने वाले नहीं हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका में प्रमुख हस्तियों को निशाना बनाने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं।
एफबीआई ने बयान जारी कर पुष्टि की है कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच वॉशिंगटन फील्ड ऑफिस द्वारा की जा रही है। घटना के बाद व्हाइट हाउस और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।