रघु राय का 83 वर्ष की आयु में निधन, भोपाल गैस त्रासदी समेत ऐतिहासिक क्षणों के महान फोटोग्राफर

प्रसिद्ध भारतीय फोटोग्राफर रघु राय का रविवार सुबह निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे रघु राय का अंतिम सांस एक निजी अस्पताल में लिया।

उनके बेटे और फोटोग्राफर नितिन राय ने बताया कि रघु राय को दो साल पहले प्रोस्टेट कैंसर का पता चला था। शुरुआती इलाज के बाद स्थिति में सुधार हुआ था, लेकिन बाद में बीमारी अन्य अंगों में फैल गई और हाल ही में यह मस्तिष्क तक पहुंच गई, जिससे उनकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई।

उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे लोधी श्मशान घाट पर किया जाएगा। रघु राय को फोटो पत्रकारिता में उनके असाधारण योगदान के लिए याद किया जाएगा। खासतौर पर 1984 की भोपाल गैस त्रासदी की उनकी तस्वीरें विश्व स्तर पर चर्चित रहीं, जिन्होंने हादसे की भयावहता और पीड़ितों की पीड़ा को पूरी दुनिया के सामने लाया। उन्होंने इंदिरा गांधी और मदर टेरेसा जैसी प्रमुख हस्तियों के भी यादगार चित्र कैद किए।

1942 में जन्मे रघु राय ने 1960 के दशक में फोटोग्राफी में प्रवेश किया और जल्द ही अपनी अनोखी शैली से अलग पहचान बना ली। उनकी तस्वीरों में भारत का सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक जीवन गहराई से उभरकर आता था। उन्होंने आम आदमी की जिंदगी से लेकर बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों तक को अपने कैमरे में बखूबी समेटा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें पहचान तब मिली जब दिग्गज फोटोग्राफर हेनरी कार्टियर-ब्रेसन ने उन्हें प्रतिष्ठित मैग्नम फोटोज में शामिल होने के लिए चुना। वे इस सम्मान पाने वाले चुनिंदा भारतीय फोटोग्राफरों में से एक थे।

रघु राय ने ‘टाइम’, ‘लाइफ’ और ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ जैसे विश्व प्रसिद्ध प्रकाशनों के साथ काम किया और 18 से ज्यादा किताबें प्रकाशित कीं। उनकी फोटोग्राफी में संवेदनशीलता, सच्चाई और गहराई का अद्भुत संयोजन दिखता था। भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 1972 में पद्म श्री सम्मान से नवाजा था।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रघु राय ने पांच दशक से अधिक समय तक फोटो जर्नलिज्म को समृद्ध किया। उनकी तस्वीरें हमेशा लोगों की यादों में जीवित रहेंगी। खड़गे ने कहा कि रघु राय के निधन से भारतीय कला और पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उनकी छवियां भविष्य की पीढ़ियों के लिए इतिहास का जीवंत दस्तावेज बनी रहेंगी।