शहर में गर्मी का मौसम शुरू होते ही कई इलाकों में पीने के पानी की समस्या उभरने लगी है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताते हुए विरोध-प्रदर्शन भी किए हैं।
इसी क्रम में वार्ड नंबर 75 में भी गंभीर पानी की कमी देखी जा रही है। समस्या को देखते हुए वार्ड के पार्षद कुणाल सोलंकी ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल को पत्र लिखकर तत्काल मदद मांगी है। उन्होंने 10 पानी के टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
पार्षद कुणाल सोलंकी ने बताया कि उनका वार्ड क्षेत्रफल की दृष्टि से काफी बड़ा है और इसमें ग्रामीण इलाके भी शामिल हैं। गर्मी बढ़ने के साथ ही यहां नर्मदा जल की सप्लाई कई जगहों पर ठप हो रही है, साथ ही बोरिंग भी सूखने लगी हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को पीने के पानी की भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने पत्र में 6 छोटे और 4 बड़े टैंकर की व्यवस्था करने की अपील की थी, लेकिन पत्र लिखे कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई टैंकर उपलब्ध नहीं कराया गया है।
पार्षद सोलंकी ने कहा कि फिलहाल उन्होंने अपनी ओर से कुछ टैंकरों की व्यवस्था कर लोगों की मदद करने की कोशिश की है, लेकिन यह प्रयास पर्याप्त नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम द्वारा जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर महापौर और निगम कमिश्नर के आवास पर जाकर पानी मांगेंगे।