रविवार तड़के पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके विवेक विहार फेज-1 में एक चार मंजिला आवासीय इमारत में एयर कंडीशनर फटने से आग लग गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, विवेक विहार थाने को सुबह करीब 3:48 बजे बी-13 नंबर मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया। आग मुख्य रूप से इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर फैली।
अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने और बचाव कार्य के दौरान इमारत से 10 से 15 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों के अलावा आपदा प्रबंधन टीम, स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस भी मौके पर ड्यूटी पर रही।
फायर विभाग के मुताबिक, अलग-अलग मंजिलों से 9 जलकर मृत शव बरामद किए गए। इनमें पहली मंजिल से 1, दूसरी मंजिल से 5 और मुमटी व सीढ़ियों के पास से 3 शव मिले। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और हो सकता है कि कुछ और लोग फंसे हों।
शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह करीब 3:13 बजे एसी में धमाका होने के बाद आग भड़की। एक निवासी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने बालकनी के रास्ते करीब 20 लोगों को बचाया।