दिल्ली के करकड़डूमा लोअर कोर्ट में तैनात 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, उन्होंने अपनी पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
अमन कुमार शर्मा नॉर्थ-ईस्ट जिला की डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (DLSA) के फुल-टाइम सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने जून 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल होकर अपनी नौकरी शुरू की थी। उनकी पत्नी स्वाति भी एक न्यायिक अधिकारी हैं।
परिजनों ने बताया कि मौत से पहले पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई थी। एक रिश्तेदार के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 10 बजे अमन ने अपने पिता को फोन कर बताया कि वे बेहद परेशान हैं और जीना मुश्किल हो गया है। इस पर पिता अलवर से तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हुए और रात 12 बजे पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि अमन और उनकी पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था।
पत्नी स्वाति ने ससुर को देखते ही कमरे से बाहर निकलने की धमकी दी और पुलिस बुलाने की बात कही। शनिवार सुबह फिर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पिता दूसरे कमरे में चले गए। कुछ देर बाद शोर थमने पर जब अमन दिखाई नहीं दिए तो परिवार वाले उन्हें ढूंढने लगे। फोन बाथरूम से बज रहा था, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। गार्ड ने खिड़की तोड़कर अंदर देखा तो अमन फंदे से लटकते हुए मिले।
परिजनों का कहना है कि घटना से कुछ घंटे पहले ही पत्नी से फिर झगड़ा हुआ था। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।