लश्कर के दो सक्रिय साथी श्रीनगर में गिरफ्तार 

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी सख्त ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत श्रीनगर के बाबा डेम इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के दो सक्रिय सहयोगियों को गिरफ्तार किया है।

रूटीन वाहन चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दोनों संदिग्धों को रोका गया। उनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, तीन मैगजीन, 21 कारतूस, दो मोबाइल फोन और लश्कर-ए-तैयबा के 10 धमकी भरे पोस्टर जब्त किए हैं।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान फैसल अहमद भट (निवासी मलपोरा, हब्बाकदल) और फैसल अहमद गुरू (निवासी राजोरी कदल) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ यूएपीए तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे क्षेत्र में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों के लिए काम कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घाटी में आतंकी नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पिछले 25 दिनों में कश्मीर के विभिन्न इलाकों से अब तक 16 आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।