गुजरात के राजकोट-चोटिला नेशनल हाईवे पर देर रात एक भयावह सड़क दुर्घटना हो गई। अहमदाबाद से राजकोट जा रही एक लग्जरी प्राइवेट बस और डामर (तारकोल) से भरे टैंकर के बीच जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस हादसे में चार यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसा चोटिला-राजकोट हाईवे पर संगानी गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि टैंकर से फैले डामर की वजह से आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके में भयानक दृश्य बन गया।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि कम से कम दस घायल गंभीर रूप से जल गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। आपातकालीन बचाव टीमों ने घायलों को तुरंत निकालकर पास के अस्पतालों में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीमें उनकी जान बचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक टक्कर की वजह और जिम्मेदारी तय करने के लिए दोनों वाहनों के ड्राइवरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।