खंडवा में भीषण हादसा: पुल से 200 फीट खाई में गिरी बोलेरो, टैक्सी ड्राइवर की मौत

खंडवा जिले में शुक्रवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर की मौत हो गई। भोपाल की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर इंदिरा सागर पावर स्टेशन के पास रिटेनिंग वॉल तोड़ते हुए करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

नर्मदानगर टीआई विकास खिंची ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जवान 200 फीट नीचे उतरे और कार के गेट तोड़कर ड्राइवर का शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान ग्राम अंजनिया खुर्द निवासी अभिषेक पिता मायाराम नरगावे के रूप में हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और छाती पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और नींद की झपकी हादसे की वजह मानी जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, अभिषेक खुद की बोलेरो टैक्सी चलाता था और अविवाहित था। गुरुवार रात वह पुनासा से सवारियां लेकर राजगढ़ गया था। राजगढ़ से खाली लौटते वक्त सुबह करीब 4 बजे यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद पुल और रिटेनिंग वॉल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन बैरिकेडिंग और संकेतक मजबूत नहीं हैं। 200 फीट गहरी खाई होने से बचाव कार्य में भी काफी दिक्कत आई। पुलिस ने वाहन जब्त कर तकनीकी जांच शुरू की है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव में मातम का माहौल है।