कोटा में राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग, हादसा टला

आज सुबह तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12431) में बड़ा हादसा होते-होते बच गया। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा रेल मंडल अंतर्गत लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच ट्रेन के बी-1 एसी कोच में अचानक आग भड़क उठी।

ट्रेन के डिब्बे से निकलती लपटों और घने धुएं को देखकर यात्री भयभीत हो गए और कोच में चीख-पुकार मच गई।

रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रेन की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे आग और फैलने से बच गई। प्रभावित बी-1 कोच को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे की टीमों ने तेजी से काम करते हुए कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेलवे के मुताबिक, इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई है। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना के कारण इस रूट पर रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। एहतियात के तौर पर ट्रेन संख्या 12955 को माहिदपुर रोड स्टेशन पर रोक दिया गया। रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रैक जल्द साफ कर यातायात सामान्य कर दिया जाएगा, हालांकि कुछ अन्य ट्रेनों को देरी का सामना करना पड़ सकता है।