भारत मंडपम में अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान भारत और अमेरिका के बीच मजबूत हो रहे रणनीतिक संबंधों की एक यादगार झलक देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कार्यक्रम के बीच अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के मोबाइल पर सीधा फोन कर सबको चौंका दिया।
राजदूत गोर ने ट्रंप की बातें पूरे समारोह में मौजूद अतिथियों तक पहुंचाने के लिए अपना फोन मुख्य माइक्रोफोन के पास रख दिया। लाइव फोन कॉल के दौरान ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी गहरी दोस्ती और प्रशंसा जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक बेहतरीन नेता और उनके अच्छे मित्र हैं तथा वह उनके बड़े प्रशंसक हैं।
ट्रंप ने आगे कहा, “आज भारत और अमेरिका पहले से कहीं ज्यादा करीब आए हैं। भारत के लोग मुझ पर और अमेरिका पर पूरा भरोसा कर सकते हैं। अगर भारत को कभी कोई मदद चाहिए तो उन्हें बस सीधे फोन करना है।”
इस उच्चस्तरीय कार्यक्रम में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो और राजदूत सर्जियो गोर समेत दोनों देशों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। ट्रंप ने अपने संबोधन में मार्को रूबियो की खासी तारीफ की और उन्हें अमेरिकी इतिहास का सबसे बेहतरीन विदेश मंत्री बताया। फोन रखने से पहले उन्होंने राजदूत से प्रधानमंत्री मोदी को विशेष संदेश पहुंचाने को भी कहा।
ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने का दावा भी किया। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भारत को अमेरिका का अहम रणनीतिक साझेदार बताते हुए द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर जोर दिया। वहीं, एस. जयशंकर ने कहा कि अमेरिकी स्वतंत्रता घोषणा में निहित स्वतंत्रता, कानून का शासन और अभिव्यक्ति की आजादी जैसे मूल्य भारत जैसे बहुलवादी लोकतंत्र में गूंजते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिवर्तन के दौर में भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का यह उत्तम अवसर है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान की प्रस्तुति रही, जिन्होंने ‘मां तुझे सलाम’ और ‘दिल से’ जैसे गीतों से माहौल को जोशपूर्ण बना दिया। समारोह के दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया।