दिल्ली से बिहार जा रही एक निजी बस मंगलवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 पर हुआ।
बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। पुलिस के अनुसार, हादसे में बिहार पुलिस के एक दारोगा रामचंद्र और एक कैदी छत्रपाल की भी मौत हो गई। दारोगा रामचंद्र सिवान जिले के रहने वाले थे और कैदी को लेकर दिल्ली से वापस लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान
- दारोगा रामचंद्र
- सुरेश कुमार जायसवाल
- विजेशी गुप्ता
- विजय कुमार
- कैदी छत्रपाल तोमर
- छठे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
हादसे का कारण
प्रारंभिक जांच में पुलिस को संदेह है कि चालक को झपकी आने या बस की तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खो जाने से यह दुर्घटना हुई। सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। बस के पलटते ही कई यात्री खिड़कियों से बाहर फेंके गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की बचाव टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सीएम योगी का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और जिला प्रशासन को तत्काल राहत कार्य संचालित करने, घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।