सोने-चांदी में जोरदार गिरावट, MCX पर 10 ग्राम सोना 464 रुपये सस्ता

कमोडिटी बाजार में शुक्रवार को एक बार फिर कीमती धातुओं के दामों में नरमी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। खबर लिखे जाने के समय 10 ग्राम सोने का भाव 464 रुपये कम होकर 1,56,461 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी में भी 1,044 रुपये की भारी गिरावट आई और एक किलोग्राम चांदी का भाव 2,68,493 रुपये रह गया।

शहरवार दाम

  • दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जबकि 22 कैरेट का भाव 1,43,190 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है।
  • मुंबई और कोलकाता में 24 कैरेट सोना 1,56,050 रुपये तथा 22 कैरेट 1,45,090 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है।
  • चेन्नई में 24 कैरेट सोना सबसे महंगा 1,58,170 रुपये तथा 22 कैरेट 1,44,990 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को भी सोने के भाव 1,100 रुपये टूटकर 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गए थे। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सभी टैक्स सहित 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव और सुरक्षित निवेश के रूप में डॉलर की मांग बढ़ने से निवेशक सोने से सतर्क हो गए हैं। डॉलर के मजबूत होने से कीमती धातुओं पर दबाव बना हुआ है। हालांकि शादी के सीजन और लगातार निवेशक मांग के कारण दाम अभी भी ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों की तुलना में शुक्रवार को थोड़ी नरमी देखने को मिली।

चांदी के भाव भी गिरकर लगभग 2,84,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए, जो पिछले दिन की तुलना में करीब 100 रुपये कम है। बावजूद इसके चांदी ने हाल के महीनों में शानदार रिटर्न दिया है। मई महीने में ही यह 11 प्रतिशत से अधिक महंगी हो चुकी है।