खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़, छात्रों का सड़क पर आक्रोश

चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर पर मंगलवार देर रात हुई तोड़फोड़, मारपीट और कथित फायरिंग की घटना के विरोध में बुधवार सुबह सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उनके आवास के बाहर सड़क पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के कारण इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

प्रदर्शन के दौरान छात्र सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते नजर आए। उन्होंने खान सर की सुरक्षा को लेकर गहरी नाराजगी जताई और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। खान सर स्वयं अपने घर की बालकनी में आए और छात्रों से बार-बार हाथ जोड़कर शांति बनाए रखने तथा घर लौट जाने की अपील की।

उन्होंने छात्रों को बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। खान सर ने कहा, “पुलिस रात भर कोचिंग सेंटर के बाहर रही है। निष्पक्ष जांच हो रही है और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी।” उनकी अपील के बावजूद छात्र मौके से हटने को तैयार नहीं थे।

एक छात्रा ने कहा, “जब हमारे शिक्षक की सुरक्षा पर सवाल है तो हम चुप नहीं रह सकते। हमें पूरी जानकारी चाहिए कि कोचिंग सेंटर पर हमला किसने और कैसे किया।” कई छात्रों ने कहा कि जब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, प्रदर्शन जारी रहेगा।

घटना क्या थी?

मंगलवार देर रात कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की। उन्होंने पोस्टर फाड़े, परिसर को नुकसान पहुंचाया और विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की, जिसमें गार्ड घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही खान सर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं।

पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर गौर किया जा रहा है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।