उज्जैन में इस बार 21 जून को विश्व योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम उज्जैन के श्री महाकाल महालोक में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन और महाकाल मंदिर समिति ने इसे भव्य बनाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं और योग प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश पर इस बार योग दिवस को खास तौर पर मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आदि योगी भगवान शिव की नगरी उज्जैन में महाकाल महालोक को मुख्य स्थल चुना गया है। कलेक्टर ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए जल्द ही जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई जाएगी।
इस आयोजन का उद्देश्य योग के जरिए स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दुनिया भर तक पहुंचाना है। कलेक्टर ने कहा कि महाकाल की दिव्य ऊर्जा और आध्यात्मिक माहौल में हजारों लोग एक साथ योगाभ्यास करेंगे तो यह शारीरिक व्यायाम से आगे बढ़कर आत्मा, मन और चेतना के संतुलन का वैश्विक संदेश बनेगा। साथ ही महाकाल महालोक की आध्यात्मिक गरिमा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।