पुणे के लोहगढ़ फोर्ट में हुई 25 वर्षीय व्यवसायी केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत अब सनसनीखेज हत्याकांड में बदल चुकी है। रेस्क्यू टीम के एक सदस्य ने घटना के समय की चौंकाने वाली जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि केतन का शव बेहद बुरी हालत में मिला था, जिसमें सिर कुचला हुआ था और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोटों के निशान थे।
रेस्क्यू टीम में शामिल सुनील गायकवाड़ ने बताया कि शव को खाई से निकालने की प्रक्रिया बेहद चुनौतीपूर्ण थी। जंगल और खड़ी चढ़ाई वाले इलाके में ऑपरेशन के दौरान आसपास मौजूद लोग भावुक होकर रो रहे थे, लेकिन केतन की मंगेतर सिया गोयल पूरे समय शांत बनी रही और उसमें कोई खास भावुकता नहीं दिखी।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
पुलिस के अनुसार, यह मौत कोई दुर्घटना नहीं बल्कि पूर्व नियोजित साजिश थी। केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर हत्या का आरोप है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने ट्रेकिंग के बहाने केतन को फोर्ट पर ले जाकर खाई में धक्का दिया।
- सिया और चेतन दोनों पुलिस हिरासत में हैं। पूछताछ में वे एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
- पुलिस ने एक कैफे का CCTV फुटेज भी हासिल किया है, जिसमें दोनों आरोपी हत्या की योजना बनाने की बात कही जा रही है।
- सिया के भाई साहिल से लंबी पूछताछ हुई है। परिवार के अन्य सदस्यों से भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
- सिया के माता-पिता ने बयान दिया है कि बेटी रिश्ते से संतुष्ट थी और लोहगढ़ जाने का फैसला केतन का था।
परिवार की प्रतिक्रिया
केतन के पिता ने सिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सिया और उसका परिवार केतन के बाल पैच (विग) के बारे में पहले से जानते थे। सिया के पिता ने कहा कि अगर बेटी दोषी साबित होती है तो उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए।महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में फास्ट ट्रैक ट्रायल की मंजूरी दे दी है। वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसीक्यूटर नियुक्त किया गया है।पुलिस अब फोन रिकॉर्ड, डिजिटल सबूत और गवाहों के आधार पर चार्जशीट तैयार कर रही है। पूरा मामला पुणे ग्रामीण पुलिस जांच कर रही है।