नरसिंहपुर: हाईवे पर सेल्फी लेते चार युवकों की मौत, दो गंभीर घायल

रविवार शाम जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर एक भयावह सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हाथीनाला वॉटरफॉल से पिकनिक मनाकर लौट रहे छह युवक हाईवे किनारे फोटो खिंचवा रहे थे, तभी तेज रफ्तार भारी वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

दुर्घटना नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा के पास इंदिरा नगर इलाके में हुई। सभी युवक जबलपुर जिले के पावला क्षेत्र के निवासी थे। वे स्कॉर्पियो कार से दिनभर घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। रास्ते में सुंदर नजारे कैद करने के लिए उन्होंने गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और फोटो व सेल्फी लेने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सड़क से महज दो फीट की दूरी पर खड़े थे। उसी दौरान तेज गति से आ रहा एक भारी वाहन अनियंत्रित होकर किनारे चढ़ गया और सभी को कुचलता हुआ निकल गया। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरे।

मौके पर एक की मौत, तीन की अस्पताल जाते समय

मृतकों में राजेंद्र पटेल शामिल हैं, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21) और जयपाल सिंह लोधी (30) को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) अभी भी अस्पताल में जीवन और मृत्यु से जूझ रहे हैं। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि दुर्घटना से कुछ मिनट पहले ही युवक हंसी-मजाक करते हुए फोटो खिंचवा रहे थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो युवक सड़क पर खून से लथपथ पड़े थे और वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाल रही

सातधारा थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने बताया कि चालक वाहन लेकर भाग गया है। वाहन की कंपनी या मालिक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है और चालक की तलाश में तेजी से काम कर रही है।