दिल्ली में CJP प्रदर्शन: सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशन बंद, बंगाल से CRPF जवानों की तैनाती

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और संसद की ओर मार्च की कोशिश के चलते राजधानी में हाई अलर्ट है। दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 16 अहम स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं, जिससे सुबह के व्यस्त समय में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बंद स्टेशनों की सूची में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। मेट्रो प्रशासन ने बताया कि ट्रेनें सामान्य रूप से चल रही हैं, लेकिन इन स्टेशनों पर सिर्फ इंटरचेंज की सुविधा बरकरार रहेगी।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

दिल्ली पुलिस के साथ CRPF, रैपिड एक्शन फोर्स और अन्य केंद्रीय बलों की भारी तैनाती की गई है। सूत्रों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से करीब 2,000 CRPF जवानों को एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया है। संसद परिसर, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में कई स्तर की बैरिकेडिंग और चेकिंग की जा रही है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है, जबकि प्रशासन ने बिना अनुमति के किसी भी मार्च को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कही है।

यात्रियों पर पड़ा असर

केंद्रीय दिल्ली के दफ्तरों, अदालतों और अन्य इलाकों में जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने पड़ रहे हैं। DTC बसों के रूट भी बदले गए हैं। अधिकारियों ने यात्रियों से मेट्रो ऐप और आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है।