इंदौर: पानीपुरी के पैसे पर विवाद, दो दोस्तों ने साथियों पर चाकू से किया हमला 

इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में पानीपुरी खाने के दौरान हुए छोटे से विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो युवकों ने अपने ही दोस्तों पर चाकू से वार कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात सुखलिया इलाके में यह घटना हुई। घायलों की पहचान वीरेंद्र और अर्जुन के रूप में हुई है। वीरेंद्र की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जबकि अर्जुन को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस जांच में पता चला कि चारों युवक आपस में अच्छे दोस्त थे। वे पानीपुरी खाने गए थे, जहां बिल चुकाने को लेकर सोकेस उर्फ शोकेस और वीरेंद्र के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर सोकेस ने चाकू निकालकर वीरेंद्र के पेट पर वार कर दिया। बीच बचाव करने आए अर्जुन को भी चाकू लग गया।

हीरानगर थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि दोनों आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

12वीं के छात्र पर हमला, लड़की से दोस्ती खत्म करने को लेकर पिता समेत अन्य पर केस

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 12वीं कक्षा पढ़ने वाले एक छात्र को बुरी तरह पीटा गया। आरोप है कि एक छात्रा से दोस्ती खत्म करने की मांग को लेकर छात्रा के पिता और उनके साथियों ने डंडों से हमला किया।

घायल छात्र की पहचान आदित्य पटेल (निवासी कमला नेहरू कॉलोनी) के रूप में हुई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है।

आदित्य ने पुलिस को बताया कि उसकी एक छात्रा से दोस्ती थी। छात्रा ने फोन कर उसे अपनी मां से मिलने के लिए स्कीम नंबर-103 स्थित टिंकूश कैफे बुलाया। वहां पहुंचने पर छात्रा के पिता अभिजीत और उनके साथियों ने उसे धमकाया और दोस्ती खत्म करने को कहा। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडों से मारपीट शुरू कर दी और सिर पर वार किया। राजेंद्र नगर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर छात्रा के पिता और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।