प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे विराट-अनुष्का, श्री हित राधा केली कुंज आश्रम तक नंगे पैर चले

स्टार क्रिकेटर विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन के श्री हित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचे। दोनों ने संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक शांति प्राप्त की।

सुबह करीब 7 बजे आश्रम पहुंचे और गाड़ी से उतरते ही जूते-चप्पल उतार दिए। कीचड़ भरे मार्ग पर नंगे पैर चलकर उन्होंने आश्रम में प्रवेश किया। भक्तों ने ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से उनका स्वागत किया, जिसका विराट ने मुस्कान के साथ जवाब दिया। दोनों ने सादगी भरे कपड़े पहने थे और चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।

आश्रम में पहुंचकर विराट और अनुष्का ने महाराज जी के साथ करीब एक घंटे बिताया। इस दौरान उन्होंने शांतिपूर्वक सत्संग सुना, भावुक होकर दर्शन किए और आशीर्वाद ग्रहण किया। निकलते समय उनके माथे पर चंदन का तिलक और त्रिपुंड दिखाई दिया।

यह यात्रा विराट-अनुष्का की हालिया आध्यात्मिक श्रद्धा का प्रतीक है। इस साल यह उनकी तीसरी वृंदावन यात्रा है। इससे पहले फरवरी और अप्रैल में भी वे महाराज जी के पास पहुंच चुके हैं।