बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा, स्वास्थ्य कारण बताया

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। स्वास्थ्य खराब होने को मुख्य वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि वे कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं और बार-बार बेहोश हो जाते हैं, जिस वजह से पद की जिम्मेदारियां निभाना अब संभव नहीं रहा।

राष्ट्रपति ने स्पीकर को लिखे इस्तीफा पत्र में अपनी स्थिति का विस्तार से जिक्र किया। उनमें हृदय की समस्या, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, किडनी की दिक्कत और हाल में आई ऑटोनॉमिक न्यूरोपैथी जैसी बीमारियां शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार इनका लगातार उपचार जरूरी है, जो राष्ट्रपति पद की सक्रिय भूमिका के साथ मेल नहीं खा रहा था।

राजनीतिक दबाव और हसीना से कथित बातचीत

स्वास्थ्य के अलावा राजनीतिक कारण भी इस्तीफे के पीछे बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि शेख हसीना से फोन पर हुई कथित गोपनीय बातचीत की जानकारी सामने आने के बाद उन पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया। शेख हसीना 2024 के बड़े आंदोलन के बाद देश छोड़ चुकी हैं और हाल ही में उनके वापसी की चर्चाएं जोरों पर थीं।