प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर गुजरात के एकता नगर पहुंचे। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में लौह पुरुष को पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और कुछ की नींव भी रखी। कुल मिलाकर लगभग 31 योजनाएं शामिल हैं, जिनकी अनुमानित लागत 426 करोड़ रुपये के आसपास है। इनमें से अधिकांश पर्यटन सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और बुनियादी ढांचे से जुड़ी हैं।
प्रमुख कार्यों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, जल शोधन संयंत्र, नर्मदा घाट का सौंदर्यीकरण, परिसर में रोशनी व्यवस्था, आईआरसीटीसी होटल, रेनफॉरेस्ट एरिया, इको ट्रेल और यूनिटी ट्रेल जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इनसे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने रेनफॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका का भी अवलोकन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि अखंड भारत के निर्माता सरदार पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने देश को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।