MP में मानसून जैसा सिस्टम एक्टिव, आज 27 जिलों में आंधी-बारिश 

मध्य प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई तीन अक्टूबर को ही हो गई थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात अर्नब के कमजोर पड़ने के बाद भी प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति अगले चार दिनों यानी दो नवंबर तक बनी रह सकती है।

शनिवार को राज्य के 27 जिलों में आंधी-बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। इनमें ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं।

वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, उज्जैन, देवास, रतलाम समेत कई पश्चिमी और मध्य जिलों में धूप निकलने की संभावना है। कुछ जगहों पर बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन भारी बारिश की आशंका नहीं बताई गई है।

पिछले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो चुकी है। अनूपपुर में तीन इंच से अधिक पानी गिरा, जबकि अमरकंटक और सिंगरौली में भी दो इंच के आसपास बारिश दर्ज की गई। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।