अस्पताल से छुट्टी के बाद मोदी का शरद पवार को फोन, सुप्रिया सुले का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को फोन किया। पवार पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से हाल ही में डिस्चार्ज हुए थे। उन्हें खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पवार के लंबे समय से सहयोगी विट्ठल मनियार ने मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री ने बहुत आत्मीयता से बात की। उन्होंने कहा कि साहब अब पूरा आराम करें। सुप्रिया सुले पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं। सुप्रिया और हम मिलकर देश की जिम्मेदारी निभा लेंगे। आप बस अपनी सेहत का ध्यान रखें, यही मेरी अपील है।

मनियार के मुताबिक, शरद पवार ने जवाब देते हुए कहा कि वे आराम कर रहे हैं। जब आप लोग देश की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं तो मुझे किसी तरह की चिंता नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री को हाल-चाल पूछने के लिए धन्यवाद भी दिया।

विलय और गठबंधन की पुरानी अटकलें

इससे पहले एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने और एनडीए से जुड़ने की खबरें लगातार आ रही थीं। कुछ रिपोर्टों में अमित शाह से मुलाकातों और संभावित कैबिनेट में जगह का जिक्र था। हालांकि, अजित पवार गुट की कोर कमिटी ने हाल ही में विलय की संभावना को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था। सुप्रिया सुले भी पहले कई मौकों पर विलय या सत्ता में शामिल होने से इनकार कर चुकी हैं।

सुप्रिया सुले बारामती की सांसद और विपक्षी इंडिया गठबंधन की प्रमुख नेता हैं। प्रधानमंत्री के इस बयान से उनकी केंद्रीय कैबिनेट में संभावित भूमिका को लेकर फिर से अटकलें शुरू हो गई हैं, लेकिन कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।