बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव मध्य प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को मंडला, सिंगरौली और डिंडौरी सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तरी पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे शाजापुर और भोपाल समेत कुछ इलाकों में शीतलहर का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
किन जिलों में बारिश की चेतावनी?
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के अनुसार, 21 नवंबर को सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट में छिटपुट बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी आशंका है।
शुक्रवार को अनूपपुर में करीब 6.5 मिलीमीटर और बालाघाट के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सिंगरौली, शहडोल, सीधी और डिंडोरी में भी बूंदाबांदी हुई। तूफान अकवान तट पार करने के बाद कमजोर पड़ चुका है, फिर भी पूर्वी मध्य प्रदेश में इसका प्रभाव अभी बना हुआ है।
शीतलहर का प्रकोप
पहाड़ों पर बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। शुक्रवार को शाजापुर के गिरवर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भोपाल में पारा 9 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जबकि बैतूल, धार और रायसेन में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। भोपाल, रायसेन और शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों में रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद ठंड फिर से तेज होने के आसार हैं।
अन्य क्षेत्रों का हाल
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर और आसपास के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पूर्वी जिलों में बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसलों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।