राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने बुधवार को महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पद्मा महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए युवा पीढ़ी की मानसिकता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आज के युवा झूठ को पसंद नहीं करते। अगर कोई सच्ची बात रखता है तो वे उसके साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं। युवा पीढ़ी गुलामी वाली सोच से मुक्त है और देश को मजबूत व महान बनाने की इच्छा रखती है।
भागवत ने कहा कि दुनिया की बड़ी ताकतें भारत की तरक्की नहीं चाहतीं। वे अपना प्रभुत्व बनाए रखना चाहती हैं और दूसरों को दबाव में रखना पसंद करती हैं। अगर भारत आगे बढ़ता है तो उनके हित प्रभावित होंगे, क्योंकि भारत सबकी मदद करने की सोच रखता है। उन्होंने जोर दिया कि भारत उन पड़ोसी देशों की भी सहायता करता है जो उससे नफरत करते हैं।
इसी कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) ने भी कहा कि विकसित भारत बनाने में युवा सबसे बड़ा योगदान देंगे और सबसे ज्यादा लाभ भी उन्हें ही होगा। उन्होंने आंतरिक खतरों को बाहरी खतरों से ज्यादा गंभीर बताया।