प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लोकसभा की सदस्य संख्या में पचास प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव स्वीकृत कर लिया गया। सूत्रों के मुताबिक, बढ़ी हुई सीटों का आंकड़ा और राज्यों के बीच मौजूदा अनुपात अगले पच्चीस वर्षों यानी साल 2051 तक जस का तस रहेगा।
इस समय लोकसभा में 543 सीटें हैं। प्रस्तावित वृद्धि के बाद यह संख्या करीब 815 से 816 के आसपास पहुंच सकती है, जबकि ऊपरी सीमा 850 रखे जाने का जिक्र है। हर राज्य की सीटें समान अनुपात में बढ़ाई जाएंगी। इससे दक्षिणी राज्यों समेत सभी प्रदेशों का वर्तमान प्रतिनिधित्व अनुपात सुरक्षित रहेगा। यह कदम परिसीमन और महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े संशोधित संविधान संशोधन विधेयक का हिस्सा है।
अप्रैल 2026 में पेश हुए पिछले बिल के संसद में पास न हो पाने के बाद अब यह संशोधित रूप लाया गया है। इसका उद्देश्य दक्षिणी राज्यों की उस आशंका को दूर करना है कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से उनका हिस्सा घट सकता है।
सरकार 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश करने जा रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की 2 दिसंबर से प्रस्तावित है। यह सत्र 3 दिसंबर तक चलेगा।