बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर सियासी माहौल गरम हो गया है। हसीना ने 16 दिसंबर (विजय दिवस) को देश लौटने का ऐलान किया है। इस घोषणा के जवाब में विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने गुरुवार को साफ कहा कि दिसंबर में देश में सिर्फ सर्दी आएगी, हसीना नहीं।
कबीर ने विदेश मंत्रालय में मीडिया से बात करते हुए जोर दिया कि हसीना अगर लौटती हैं तो सामान्य तरीके से नहीं, बल्कि भारत के साथ मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के जरिए ही आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हथकड़ी लगाकर या सख्त निगरानी में लाया जाएगा। बांग्लादेश सरकार ने भारत से हसीना समेत कई आरोपी व्यक्तियों के प्रत्यर्पण की मांग भी की है।
अवामी लीग का दो दिवसीय बंद
हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन का आह्वान किया है। आज इसका पहला दिन है। पार्टी ने सरकार के सामने आठ मुख्य मांगें रखी हैं। इनमें अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई, हसीना और अन्य नेताओं के खिलाफ मुकदमे वापस लेना, आवश्यक वस्तुओं की कीमतें कम करना, बंद उद्योग फिर से खोलना, हिंसा रोकना और प्रेस की आजादी सुनिश्चित करना शामिल हैं।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
संभावित हिंसा को रोकने के लिए सरकार ने राजधानी ढाका सहित करीब आधा दर्जन जिलों में लगभग चार हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश और अन्य एजेंसियों के जवान संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं। हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हाल के दिनों में प्रदर्शन, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। इसके बाद सरकार ने वहां की स्थानीय निकायों को मिलने वाली विकास राशि भी रोक दी है।