भिलाई के एक डायग्नोस्टिक्स सेंटर में गर्भवती महिला से जांच के दौरान छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जिसके बाद से वह फरार है।
क्या है पूरा मामला?
घटना गुरुवार (16 अक्टूबर) को भिलाई के नेहरू नगर स्थित इमाजेस लैब डायग्नोस्टिक्स सेंटर में हुई। भिलाई टाउनशिप निवासी एक गर्भवती महिला रूटीन अल्ट्रासाउंड जांच के लिए वहां पहुंची थी। सुपेला थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, जांच के दौरान डॉक्टर गिरीश वर्मा ने मशीन की आड़ में उसके प्राइवेट पार्ट को गलत तरीके से छूने की कोशिश की। पीड़िता ने बताया कि उस समय जांच कक्ष में कोई नर्स या अन्य महिला स्टाफ मौजूद नहीं थी।
डॉक्टर की इस हरकत से महिला घबरा गई और बेहद असहज महसूस करने लगी। जांच खत्म होते ही वह डरी-सहमी सेंटर से बाहर निकली और अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों सीधे सुपेला थाना पहुंचे और आरोपी डॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने कहा है कि वह इस घटना से मानसिक रूप से बेहद आहत है और उसे न्याय चाहिए।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी डॉक्टर फरार
शिकायत मिलते ही सुपेला पुलिस ने आरोपी डॉक्टर गिरीश वर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों से जुड़ी धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। दुर्ग पुलिस की प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच केंद्र के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और उनकी जांच की जा रही है।
पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच भी कराई जा रही है। पुलिस के मामला दर्ज करने के बाद से आरोपी डॉक्टर फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इस घटना ने शहर के मेडिकल संस्थानों में मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।