मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अवैध सोने, मूल्यवान वस्तुओं और नशीले पदार्थों जैसे कोकीन की तस्करी लगातार हो रही है, जिसे कस्टम विभाग अक्सर विफल कर देता है। इसी क्रम में, राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की मुंबई इकाई ने नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध एक व्यापक ऑपरेशन चलाया और 47 करोड़ रुपये कीमत के कोकीन को ज़ब्त किया।
हवाई अड्डे पर कोलंबो से आई एक महिला को रोका गया, जिसके सामान से करीब 4.7 किलोग्राम कोकीन बरामद हुआ। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग 47 करोड़ रुपये बताई गई है। खास सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने महिला को रोककर उसके बैगेज की तलाशी ली, जिसमें कॉफी पाउडर के नौ पैकेटों में सफेद पाउडर छिपाया गया था। एनडीपीएस टेस्ट किट से पुष्टि हुई कि यह कोकीन है।
इसके फौरन बाद, कोकीन लेने आए व्यक्ति को भी एयरपोर्ट पर घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। जांच आगे बढ़ने पर गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया गया, जो फंडिंग, लॉजिस्टिक्स, कलेक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन में संलिप्त थे। कुल मिलाकर, एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। जांच जारी है।