जयपुर स्कूल हादसे में बड़ा खुलासा: अमायरा ने खुद लगाई छलांग, CCTV में दिखा एक और शख्स

जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल की चौथी मंजिल से गिरकर छात्रा अमायरा की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। अब सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हो गया है कि छात्रा खुद ही बाउंड्री वॉल और रेलिंग फांदकर कूदी थी। हालाँकि, वीडियो में शुरुआत में एक और व्यक्ति की झलक भी दिखाई देती है, जिसने मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए इस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

CCTV फुटेज

फुटेज के अनुसार, अमायरा पहले स्कूल की बाउंड्री वॉल पर चढ़ती है और फिर लोहे की रेलिंग पर बैठ जाती है। कुछ ही देर बाद, वह नीचे कूद जाती है। वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि गिरने से ठीक पहले वह रेलिंग को पकड़ने की कोशिश करती है, लेकिन अपना संतुलन खो देती है। चौथी मंजिल से गिरने के कारण अमायरा के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालाँकि, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि अमायरा ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

स्कूल प्रशासन जांच के घेरे में

घटना के बाद चर्चा थी कि किसी टीचर ने अमायरा को डांटा था, जिसके कारण वह तनाव में थी, लेकिन न तो परिवार और न ही स्कूल प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। पुलिस जांच में अब यह बात सामने आई है कि स्कूल स्टाफ ने घटना के तुरंत बाद घटनास्थल की सफाई कर दी थी। जिस जगह अमायरा गिरी थी, उस पर पानी डालकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। इसके अलावा, घटना के बाद स्कूल के प्रिंसिपल और मैनेजर भी मौके पर नहीं आए।जिससे प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

शिक्षा विभाग ने बनाई जांच कमेटी

यह घटना जयपुर के मानसरोवर इलाके में शिप्रा पथ स्थित नीरजा मोदी स्कूल में हुई, जहां दोपहर करीब डेढ़ बजे यह हादसा हुआ। छात्रा ने बताया था कि उसे अपने आखिरी पीरियड के दौरान शौचालय जाना था और फिर उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। परिवार ने स्कूल पर लापरवाही और सबूत मिटाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। लोग इस घटना से नाराज हैं और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शिक्षा विभाग ने एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर दी है, वहीं पुलिस ने भी स्कूल प्रशासन से पूछताछ शुरू कर दी है। छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के शुरुआती हिस्से में दिख रहे उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जो घटना से कुछ सेकंड पहले अमायरा के पास देखा गया था। सवाल अब भी बना हुआ है वह व्यक्ति कौन था, और क्या उसकी मौजूदगी का इस घटना से कोई संबंध था। फुटेज से अमायरा की छलांग का सच तो सामने आ गया है, लेकिन उसकी मौत की असली वजह अभी भी एक रहस्य बनी हुई है।