विदिशा: जिला पंचायत कार्यालय में बुधवार को जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न ग्रामों से आए ग्रामीणजन एवं किसानों की समस्याओं को जिलापंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी द्वारा गंभीरता से सुना गया।
अधिकांश ग्रामीणों ने अपने ग्रामों तक पहुँचने हेतु सड़कों के निर्माण तथा सिंचाई के लिए छोटे-बड़े बाँध बनवाने की मांग रखी, ताकि खेतों तक आवागमन सुगम हो सके एवं किसान समय पर बोवनी कर सकें। जिससे प्रदेश और देश की आर्थिक उन्नति में योगदान मिल सके। कई ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं शौचालय निर्माण से संबंधित समस्याएँ भी रखीं। जनसुनवाई में उपस्थित किसानों ने फिक्स भावांतर योजना की सराहना की और इसके लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव का आभार व्यक्त किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए तथा यह विश्वास दिलाया कि प्रत्येक ग्रामीण की समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।