भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में 11 मील जोड़ के निकट पुल पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसा 3 दिसंबर की शाम का बताया जा रहा है।
मंडीदीप निवासी इशरत जहां (उम्र करीब 35 वर्ष) अपने पति राजा खान के साथ बाइक पर सवार होकर मंडीदीप से भोपाल अपने मायके जा रही थीं। पुल पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे।
हादसे में राजा खान को हल्की चोटें आईं, लेकिन इशरत जहां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तुरंत हमीदिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने इशरत को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया। इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई और गुरुवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना मिलते ही मिसरोद पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। टक्कर मारकर फरार हुए वाहन और चालक की तलाश जारी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।