कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैनाखार गांव के पास एक खेत में उस समय दिल दहला देने वाली घटना हुई जब 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला अकेले काम कर रही थीं। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उन्हें डरा-धमकाकर जबरदस्ती दुष्कर्म का शिकार बनाया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची पीड़िता ने अपने बच्चों को सारी आपबीती सुनाई। परिजनों ने तत्काल उरगा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने भी आरोपी की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी पिटाई भी की, फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान बरपाली निवासी बसंत मिरी के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि बसंत मिरी आदतन नशेड़ी है और गांव वाले उसकी हरकतों से पहले से त्रस्त थे।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार की गंभीर घटना सामने आई है। आरोपी के खिलाफ भादवि की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।