बलरामपुर: गैंगरेप-आत्महत्या केस में FIR में देरी, ASI सस्पेंड, थानेदार लाइन अटैच

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक विवाहित महिला और उसकी नाबालिग भतीजी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) और उसके बाद महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। लगभग तीन महीने तक एफआईआर दर्ज न करने पर सरगुजा आईजी ने कड़ी कार्रवाई की है।

सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के संज्ञान लेने के बाद इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। जांच अधिकारी एएसआई रोशन लकड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, सनावल थानेदार गजपति मिर्रे को लाइन अटैच कर दिया गया है। आईजी के निर्देश के बाद, घटना के करीब तीन महीने बाद 3 दिसंबर को आखिरकार नाबालिग से गैंगरेप और महिला को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपों पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गईं।

जंगल में गैंगरेप और महिला की आत्महत्या

यह जघन्य घटना 7 सितंबर 2025 की है, जब सनावल थाना क्षेत्र के एक गांव की 25 वर्षीय विवाहित महिला अपनी 14 वर्षीय भतीजी (नाबालिग) के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी। जंगल में झारखंड के कुसुमियादागर निवासी तीन युवकों— सैयद अली (21), फैयाज अंसारी (22) और सोनू अंसारी (30)— ने दोनों महिलाओं के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया। आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। इस घटना से आहत होकर उसी रात महिला ने अपने घर के पटाव (पाटन) में चढ़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

8 सितंबर को महिला का शव मिला। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया और पति के जबलपुर से लौटने के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों को बाद में गैंगरेप की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला के पिता ने सनावल पुलिस को गैंगरेप की शिकायत दी और एसडीओपी रामानुजगंज से भी शिकायत की, लेकिन सनावल पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। महिला के पिता ने आरोप लगाया था कि युवकों ने विवाहिता को फोन करके जंगल में बुलाया था, गैंगरेप किया और उसकी हत्या भी कर दी। बलरामपुर पुलिस द्वारा मामले में गंभीरता न दिखाने पर, नवंबर में महिला के पिता ने सीधे सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा से शिकायत की। आईजी ने जांच कराई, जिसमें नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप की पुष्टि हुई, जिसके बाद कार्रवाई हुई और केस दर्ज किया गया। आईजी झा ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है और भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।