गोवा नाइटक्लब में आग से 25 की मौत, सिलेंडर फटने से हादसा

गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों में क्लब के 14 कर्मचारी शामिल हैं, जिनमें ज्यादातर रसोई में काम करने वाले स्टाफ थे। इसके अलावा तीन महिलाएं और तीन-चार पर्यटक भी इस हादसे में जान गंवा चुके हैं।

पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार के अनुसार आग की शुरुआत गैस सिलेंडर फटने से हुई, जिसके बाद देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई। अधिकांश मौतें दम घुटने से हुईं, जबकि तीन लोगों की जलने से मौत हुई है।

घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, “अरपोरा, गोवा में आग की दर्दनाक घटना से अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” पीएम मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत से फोन पर बात की और पूरी स्थिति की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा कि यह हादसा उस समय हुआ जब गोवा में पर्यटकों की सबसे अधिक भीड़ रहती है। उन्होंने क्लब मालिकों और उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का ऐलान किया जिन्होंने फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी की। सीएम ने स्पष्ट किया कि पूरी घटना की मजिस्ट्रेट स्तर की जांच कराई जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में पूरी तरह जुटा हुआ है तथा प्रभावितों को हर संभव मदद दी जा रही है।

स्थानीय विधायक माइकल लोबो ने बताया कि सभी 25 शव बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज, बम्बोलिम भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

विधायक ने आगे बताया कि कलंगुटे पंचायत सोमवार से पूरे इलाके के सभी नाइटक्लबों और बारों का फायर सेफ्टी ऑडिट शुरू करेगी। जिन प्रतिष्ठानों के पास वैध एनओसी नहीं होगी, उनके लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए जाएंगे।