फ्लोरिडा: इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान छोटा विमान हाईवे पर कार से टकराया, महिला घायल

फ्लोरिडा के मेरिट आइलैंड के पास इंटरस्टेट-95 हाईवे पर मंगलवार शाम एक छोटा विमान आपातकालीन लैंडिंग के दौरान सड़क पर चल रही एक कार से टकरा गया। हादसे में कार चला रही महिला घायल हो गईं, जबकि विमान में सवार दोनों लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे।

यह घटना शाम करीब 5:45 बजे मील मार्कर 201 के नजदीक हुई। बीच्चक्राफ्ट बैरन 55 मॉडल का यह दो इंजन वाला विमान मेरिट आइलैंड एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला था। विमान में 27 साल का ओरलैंडो निवासी पायलट और उनके 27 साल के साथी (टेम्पल टेरेस निवासी) सवार थे।

फ्लोरिडा हाइवे पेट्रोल (FHP) के अनुसार उड़ान भरने के कुछ ही कुछ देर बाद विमान के दोनों इंजनों में अचानक पावर चली गई। इसके बाद पायलट ने तुरंत हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया। भारी ट्रैफिक के बीच विमान दक्षिणगामी लेन में उतरा और 2023 मॉडल की एक टोयोटा कैमरी कार से जा टकराया। कार चला रही 57 वर्षीय मेलबर्न निवासी महिला को मामूली चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत उनकी मदद की और उन्हें विएरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

टक्कर के बाद हाईवे की दक्षिणगामी दोनों लेन कई घंटों तक बंद रहीं। बुधवार सुबह करीब 9 बजे यातायात फिर से शुरू हो सका। मौके पर फ्लोरिडा हाइवे पेट्रोल, ब्रेवार्ड काउंटी फायर रेस्क्यू और अन्य एजेंसियां तुरंत पहुंच गई थीं।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच में विमान का रखरखाव रिकॉर्ड, पायलट का लाइसेंस और फ्लाइट डेटा की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।