खाटूश्याम जा रही तीर्थयात्री बस की ट्रक से भिड़ंत, 3 की मौत, 28 घायल

राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में मंगलवार देर रात जयपुर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रही एक स्लीपर बस और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 यात्री घायल हो गए। इनमें से सात यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसा रात करीब 10:40 बजे फतेहपुर के पास हुआ। स्लीपर बस बीकानेर से जयपुर की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक झुंझुनू से बीकानेर की दिशा में आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और कई यात्री अपनी सीटों में ही फंस गए।

बस में सवार एक घायल महिला यात्री शीला बेन, जिनकी नाक में गंभीर चोट आई है, ने बताया, “हम सब खाटूश्याम बाबा के दर्शन को जा रहे थे। रात का समय था, ज्यादातर लोग सो चुके थे। मैं अपने बेटे के साथ थी कि अचानक तेज झटका लगा और सब कुछ बदल गया।”

मृतकों में बस ड्राइवर कमलेश और यात्री मयंक शामिल हैं। तीसरे शख्स की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। गंभीर रूप से घायल अनंत, तुषार, राजेश, प्रवीण, रंजना, मुक्ता बेन, आशीष, निलेश सहित करीब 15 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए सीकर के बड़े अस्पताल में भेजा गया है। बाकी 13 घायलों का इलाज फतेहपुर के स्थानीय अस्पताल में जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को खबर की। फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।