ताइवान के दक्षिण-पूर्वी तट पर 6.1 तीव्रता के भूकंप के झटके; पड़ोसी देशों में भी महसूस हुई कंपन

ताइवान का दक्षिण-पूर्वी इलाका बुधवार शाम भूकंप के तेज झटकों से दहल उठा। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई है। केंद्रीय मौसम प्रशासन (CWA) के अनुसार, यह भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:47 बजे आया, जिसका केंद्र ताइतुंग काउंटी हॉल से महज 10.1 किलोमीटर उत्तर में जमीन के अंदर 11.9 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी कंपन न केवल पूरे ताइवान द्वीप पर, बल्कि चीन, फिलीपींस और जापान के कुछ हिस्सों में भी महसूस की गई। राजधानी ताइपे में भी ऊंची इमारतें कुछ सेकंड तक हिलती रहीं, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासनिक रिपोर्ट और तीव्रता का स्तर ताइवान की नेशनल फायर एजेंसी ने प्राथमिक जांच के बाद पुष्टि की है कि फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान या परिवहन नेटवर्क में बाधा की कोई खबर नहीं मिली है। ताइवान के 7-स्तरीय तीव्रता पैमाने पर ताइतुंग काउंटी में तीव्रता का स्तर 5 दर्ज किया गया, जबकि हुलिएन और पिंगतुंग काउंटी में इसे स्तर 4 के रूप में महसूस किया गया। स्थानीय मीडिया ने कुछ सुपरमार्केट में सामान गिरने और टूटने के फुटेज भी साझा किए हैं।

चिप फैक्ट्रियों पर असर दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनी TSMC (ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी) ने एक बयान जारी कर कहा है कि भूकंप की तीव्रता उनके निर्धारित सुरक्षा मानकों से नीचे थी, इसलिए द्वीप भर में स्थित उनकी फैक्ट्रियों को खाली कराने की जरूरत नहीं पड़ी और उत्पादन कार्य सुचारू रूप से जारी है।

सतर्कता और इतिहास ताइवान दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है, जिसके कारण यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। आज का यह भूकंप उस समय आया है जब हाल के महीनों में क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां बढ़ी हुई हैं। प्रशासन ने निवासियों को आने वाले कुछ दिनों तक ‘आफ्टरशॉक्स’ (भूकंप के बाद के झटके) के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।